शहर के छिपाओली इलाके में मंगलवार रात करीब 1:30 बजे चार चोर चोरी करने के इरादे से पहुंचे। हालांकि, गली में जाग रहे कुछ लोगों ने उनकी मौजूदगी भांप ली और मोबाइल पर एक-दूसरे को सूचना दी। देखते ही देखते स्थानीय निवासियों ने चोरों को चारों तरफ से घेर लिया। पीछा करने पर एक चोर को पकड़ लिया गया, जबकि उसके तीन साथी हाथ में हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पकड़े गए चोर को बाद में पुलिस कंट्रोल को सूचना देकर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस लगभग 10 मिनट में मौके पर पहुंची। चोरों की नजर वहां खड़े दोपहिया वाहनों पर थी। स्थानीय युवाओं ने जैसे ही उनकी भनक महसूस की, तुरंत आसपास के युवाओं को फोन किया। घरों से लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक तीन लोग भाग चुके थे और एक ही पकड़ में आ सका। पकड़ा गया चोर नशे की हालत में था, मोहल्ले के युवाओं और बाद में कोतवाली पुलिस के सामने भी कहा कि वह इस गली में कभी चोरी करने नहीं आएगा। पुलिस जाप्ता ने घटनास्थल से ही पूछताछ के बाद आसपास की गलियों में भागे हुए चोरों की तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चला।


