सागर के तिली चौराहा रोड पर जल भराव की समस्या से परेशान रहवासियों ने बुधवार को चक्काजाम कर दिया। उन्होंने पार्षद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना पर पुलिस और निगमकर्मी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया। जानकारी के अनुसार, तिली चौराहा के पास बाघराज की ओर जाने वाली सड़क पर आए दिन जलभराव होता है। जिससे वार्ड के रहवासियों को आवागमन में परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने पार्षद से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। जिस पर गुस्साए वार्डवासियों ने बुधवार को विरोध करते हुए चक्काजाम कर दिया। उन्होंने वार्ड की सड़क पर जल भराव की समस्या का समाधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वार्ड के लोग लंबे समय से परेशान हैं। पास में ही मंदिर है। महिलाएं मंदिर जाती हैं तो उन्हें गंदे पानी के बीच से होकर जाना पड़ता है। चक्काजाम की सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर शांत कराया।


