फिट इंडिया एवं खेलो इंडिया की राष्ट्रीय संकल्पना को धरातल पर साकार करता सांसद खेल महोत्सव 2025 बुधवार को क्रीड़ा संगम गौशाला मैदान में अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं राष्ट्रभाव से परिपूर्ण वातावरण में समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन का शुभारंभ उद्घाटन घोषणा एवं ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके पश्चात तिरंगे रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़े गए तथा मशाल रिले, मार्च-पास्ट एवं अभिमुख प्रयाण के माध्यम से खिलाड़ियों ने अनुशासन, एकता एवं खेल भावना का प्रेरक प्रदर्शन किया। समारोह के मुख्य अतिथि शहर विधायक अतुल भंसाली ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकसित भारत संकल्पना–2047 के स्तंभ फिट इंडिया एवं खेलो इंडिया का सजीव स्वरूप सांसद खेल महोत्सव है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं की खेल प्रतिभा को तराशना, खेल संस्कृति को सुदृढ़ करना तथा पारंपरिक खेलों के संरक्षण एवं संवर्धन के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया आयोजन का गौरव उद्घाटन समारोह में लाल अंगी गैर एवं सफेद अंगी गैर नृत्य, पंजाब से आए कलाकारों द्वारा ऊर्जावान भांगड़ा तथा बीएसएफ बैंड द्वारा प्रस्तुत ‘वंदे मातरम्’ की ओजपूर्ण धुन ने समूचे वातावरण को राष्ट्रप्रेम एवं उत्साह से सराबोर कर दिया। खेल, संस्कृति और देशभक्ति के अद्भुत संगम का साक्षी बना यह समारोह दर्शकों के लिए अविस्मरणीय रहा। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी गणपत लाल सुथार ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए आयोजन से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन रखा। देश में जोधपुर संसदीय क्षेत्र द्वितीय स्थान पर सांसद खेल महोत्सव 2025 चार चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें 1,30,056 खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया, ग्राम एवं शहरी स्तर से चयनित होकर 17,952 खिलाड़ी ब्लॉक स्तर तक पहुंचे तथा विधानसभा स्तर पर विजेता बने 1,619 खिलाड़ियों ने संसदीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता दर्ज कराई। भागीदारी के मामले में जोधपुर संसदीय क्षेत्र ने देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। खिलाड़ी कबड्डी, फुटबॉल, खो-खो, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, रस्साकशी, एथलेटिक्स एवं योगासन सहित कुल 8 खेल विधाओं में अपने कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं । ये रहे मौजूद कार्यक्रम में पूर्व महापौर वनिता सेठ, त्रिभुवन सिंह भाटी, राजेंद्र पालीवाल, सांसद खेल महोत्सव के संयोजक महेंद्र मेघवाल, मनीष पुरोहित, गौरव जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. लक्ष्मण सिंह गड़ा एवं रतन सिंह चंपावत द्वारा किया गया। आयोजन में हजारों की संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


