बांग्लादेश में हिंदू परिवारों पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के आह्वान पर देशव्यापी प्रदर्शन जारी हैं। इसी क्रम में बुधवार को राजगढ़ जिले के खुजनेर नगर में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने राजगढ़ चौराहे पर आतंकवाद का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि हाल ही में बांग्लादेश में एक निर्दोष हिंदू युवक के साथ हुई अमानवीय घटना से पूरे देश में आक्रोश है। उनका कहना था कि बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं पर हो रहे हमले चिंता का विषय हैं और इन घटनाओं पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संज्ञान लिया जाना चाहिए। नारों के माध्यम से कड़ा संदेश दिया
वक्ताओं ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद बांग्लादेश में हो रही बर्बर घटनाओं की निंदा करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में बांग्लादेशी हिंदुओं पर अत्याचार की घटनाएं सामने आती हैं, तो भारत का हिंदू समाज इसे बर्दाश्त नहीं करेगा और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा। यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन नारों के माध्यम से बांग्लादेश में हो रहे अत्याचारों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया गया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस मुद्दे को गंभीरता से उठाए, ताकि पीड़ितों को न्याय और सुरक्षा मिल सके। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने किया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष नारायण सिंह कुंभकार, जिला सह मंत्री कमल किरार, प्रखंड अध्यक्ष पवन, प्रखंड मंत्री गोविंद रुहेला, भगवान सिंह सोंधिया और दीपक यादव सहित बड़ी संख्या में बजरंग दल, विहिप एवं खुजनेर गौ रक्षादल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


