जोधपुर में 5वीं भारत स्काउट एंड गाइड स्टेट रैली शुरू:रेलवे स्टेडियम में 500 से ज्यादा स्काउट-गाइड दिखाएंगे हुनर

जोधपुर के रेलवे स्टेडियम में उत्तर पश्चिम रेलवे भारत स्काउट एंड गाइड की 5वीं स्टेट रैली का शुभारंभ जोधपुर डीआरएम एवं स्काउट जिलाध्यक्ष अनुराग त्रिपाठी ने समारोहपूर्वक किया। 24 से 28 दिसंबर तक चलने वाली इस पांच दिवसीय रैली में उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न जोनों और मंडलों से आए स्काउट, गाइड, रोवर, रेंजर, कब और बुलबुल हिस्सा ले रहे हैं। स्काउट के मुख्य जिला आयुक्त एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि रैली में लगभग 500 प्रतिभागी शामिल हैं, जिनका लक्ष्य स्काउटिंग के मूल सिद्धांतों-अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और भाईचारा-को और मजबूत करना है। उनका कहना है कि ऐसे आयोजन युवाओं में टीम वर्क और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी बढ़ाते हैं। डीआरएम ने समझाया स्काउटिंग का मूल भाव उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीआरएम त्रिपाठी ने कहा कि स्काउट-गाइड की गतिविधियां समाज में अनुशासन, सेवा भाव और नैतिकता को बढ़ावा देती हैं। उनके अनुसार स्काउटिंग ऐसा आंदोलन है जो बच्चों से लेकर युवाओं तक में उच्च कोटि की नैतिकता, नेतृत्व क्षमता और योग्यता का विकास करता है। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग का उद्देश्य शारीरिक, बौद्धिक, सामाजिक और आध्यात्मिक विकास के माध्यम से जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है। यह कार्यक्रम व्यक्ति में छिपी क्षमताओं को निखारने वाला बहुआयामी मंच है, जो युवाओं को सकारात्मक दिशा देता है। “शांति के साथ प्रगति” थीम पर जोर डीआरएम ने प्रतिभागियों से आपसी सौहार्द और सहयोग की भावना के साथ रैली की थीम “शांति के साथ प्रगति” को सार्थक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रतिभागी यहां सीखे गए अनुशासन और नेतृत्व को अपने दैनिक जीवन में भी लागू करें। उन्होंने उत्तर पश्चिम रेलवे के चारों मंडलों से आए स्काउट-गाइड को आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैलियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। डीआरएम ने बताया कि रैली के दौरान कैंप क्राफ्ट, पायनियरिंग, फर्स्ट एड, मार्च पास्ट, वैश्विक ग्रामीण विकास की अवधारणा और लोक नृत्य जैसी कौशल विकास गतिविधियों में प्रतिभागी अपना हुनर दिखाएंगे। विविध प्रतियोगिताएं और कौशल गतिविधियां रैली के दौरान स्काउट-गाइड और रोवर-रेंजर के लिए मार्च पास्ट, क्विज प्रतियोगिता, फिजिकल डिस्प्ले और कैंप क्राफ्ट की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही पिजन शो, पायनियरिंग, रिंग प्रोजेक्ट, गेट मेकिंग, बैंड डिस्प्ले और रंगोली प्रतियोगिता भी होंगी। कब-बुलबुल के लिए विशेष खेल, विभिन्न प्रशिक्षण सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रैली का हिस्सा रहेंगे। आयोजकों के अनुसार इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को नेतृत्व, अनुशासन, समय प्रबंधन और टीम भावना जैसे गुणों का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष रहीं विशिष्ट अतिथि उद्घाटन समारोह में उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष निष्ठा त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड संगठन के पदाधिकारी और रेलवे अधिकारियों ने भी भाग लिया। रेलवे स्टेडियम में आयोजित इस रैली के दौरान बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड, प्रशिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने संयुक्त रूप से स्काउटिंग की परंपरा और मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *