आते रहा करो मंत्रीजी…महीनों से खराब सड़क रातोरात बनी:अमित शाह के ग्वालियर दौरे से पहले ‘चमत्कारी मरम्मत’; जहां जाएंगे-वहां चमका शहर, 280 सड़कें बदहाल

ग्वालियर की बदहाल सड़कों का मुद्दा देशभर में चर्चा में रहा है, लेकिन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे से ठीक पहले ग्वालियर में मानो चमत्कार हो गया। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के घर की ओर जाने वाली सड़क की मरम्मत महीनों से अटकी हुई थी, वो रातो-रात बना दी गई। शाह बुधवार शाम को ग्वालियर आ रहे हैं। वे रात्रि विश्राम यहीं करेंगे। शाह के दौरे से पहले सूर्य नमस्कार तिराहे से आकाशवाणी चौराहे तक के मुख्य मार्ग पर रात-दिन काम चल रहा है। अमित शाह के इस सड़क से होकर पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के पैतृक निवास पर श्रद्धांजलि देने जाने की संभावना है। बरसात के बाद से यह सड़क बुरी तरह जर्जर थी। कृषि विश्वविद्यालय के पास रहने वाले एक राहगीर ने कहा, “सालों से खराब सड़कों पर किसी का ध्यान नहीं था, लेकिन मंत्री जी के आने से दो दिन में सड़क बन गई। हम तो यही कहेंगे कि अमित शाह हर महीने ग्वालियर आएं, ताकि बाकी सड़कें भी बन सकें।” 280 सड़कें बदहाल, फिर भी हालात जस के तस
ग्वालियर की सड़कों को लेकर राजनीतिक स्तर पर भी खींचतान होती रही है। चेतकपुरी से नदी गेट तक कई सड़कें धंस गईं, कहीं गड्ढों में सुरंग तक दिखाई देने लगी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के महल के पास की सड़क धंसने के बाद प्रशासन की जमकर किरकिरी हुई थी। इसके बाद प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने स्कूटर से शहर का निरीक्षण किया और बताया कि करीब 280 सड़कें बदहाल हैं। नवंबर और फरवरी 2026 तक सड़कों को दुरुस्त करने का लक्ष्य भी दिया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर खास बदलाव नजर नहीं आया। पॉश इलाके की सड़क सालभर से खराब
ग्वालियर के पॉश इलाके की सड़क, जिसे सचिन तेंदुलकर मार्ग के नाम से जाना जाता है। लगभग एक साल से बदहाल है। यहां गड्ढों और उड़ती धूल से लोग परेशान हैं। रहवासियों का कहना है कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि सांस और आंखों की बीमारियां बढ़ रही हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। विपक्ष का आरोप- नेता आने से पहले जागा सिस्टम
सड़कों को लेकर विपक्ष ने भी सरकार को घेरा। कांग्रेस ने प्रदर्शन और रैलियां कीं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तक ने सोशल मीडिया पर ग्वालियर की सड़कों का मुद्दा उठाया। विपक्ष का आरोप है कि बीजेपी के बड़े नेता के आने की वजह से ही सड़कें सुधारी जा रही हैं। मंत्री सिलावट बोले- बाकी सड़कों को भी बनाया जाएगा
अब जब अमित शाह के दौरे से पहले सड़कें बनती दिख रही हैं तो सवाल उठ रहा है कि बाकी सड़कों का क्या होगा? इस पर प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट का कहना है कि सभी सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा और काम में तेजी लाई जा रही है। फिलहाल, ग्वालियरवासी यही कह रहे हैं कि नेताजी आते रहिए, शायद इसी बहाने शहर की सभी सड़कें भी संवर जाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *