भास्कर संवाददाता|दतिया भिंड दतिया के पूर्व सांसद स्व. महाराजा कृष्ण सिंह जूदेव की 97वीं जयंती के उपलक्ष्य में स्मृति सेवा सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को एक प्रेरणादायी सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाराजा अरुणादित्यदेव मूक बधिर विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने दिव्यांग बच्चों से आत्मीय मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। महाराजा अरुणादित्यदेव ने बच्चों से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया तथा उनके साथ समय बिताया। उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री के रूप में पेन, कॉपी सहित टॉफी, बिस्कुट एवं अन्य खाद्यान्न सामग्री का वितरण किया। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर अरुणादित्यदेव ने कहा कि स्व. महाराजा कृष्ण सिंह जूदेव एक सच्चे जनसेवक थे, जिन्होंने अपने जीवन को समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित किया। उनकी स्मृति में मनाया जा रहा सेवा सप्ताह समाज के प्रति सेवा और संवेदना का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों के प्रति समाज की जिम्मेदारी है कि उन्हें सम्मान, शिक्षा और अवसर प्रदान किए जाएं। अरुणादित्यदेव ने विद्यालय के विजिटिंग रजिस्टर में विद्यालय की व्यवस्थाओं और अनुशासन की सराहना करते हुए प्रशंसा अंकित की। इसके पश्चात उन्होंने विद्यालय संचालक सुख सिंह गौतम के साथ विद्यालय का भ्रमण कर शिक्षण एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान वरिष्ठ साहित्यकार रवि ठाकुर, पत्रकार शैलेंद्र सिंह बुंदेला, जितेंद्र सिंह पठारी, देवेंद्र सिंह बुंदेला सहित अनेक गणमान्य नागरिक विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्व. महाराजा कृष्ण सिंह जूदेव के सेवा भाव को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।


