सीटू का राज्य सम्मेलन संपन्न, मजदूर विरोधी नीतियों पर संघर्ष का ऐलान

भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीटू) राजस्थान राज्य कमेटी का तीन दिवसीय 18वां राज्य सम्मेलन 20, 21 व 22 दिसंबर को राजधानी जयपुर में संपन्न हुआ। सम्मेलन के लिए गठित स्वागत समिति के अध्यक्ष का. रविंद्र शुक्ला रहे। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष कामरेड भंवर सिंह शेखावत ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री कामरेड वी.एस. राणा ने किया। सम्मेलन की शुरुआत झंडारोहण एवं श्रमिक आंदोलनों के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई। उद्घाटन संबोधन में सीटू के अखिल भारतीय महामंत्री कामरेड तपन सेन ने चारों लेबर कोड्स को मजदूर वर्ग पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि 21 नवंबर 2025 को इन्हें लागू कर सरकार ने कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने इसके खिलाफ संयुक्त ट्रेड यूनियन मंच से व्यापक संघर्ष की घोषणा की। सम्मेलन को एटक, आरसीटू व एसएफआई के नेताओं ने भी संबोधित किया। राज्य महामंत्री ने तीन वर्षों की गतिविधि रिपोर्ट तथा कोषाध्यक्ष ने आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। सम्मेलन में 15 प्रस्ताव पारित हुए, जिनमें चार लेबर कोड्स निरस्त करने, न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपए तय करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने व स्मार्ट मीटर का विरोध शामिल है। समापन सत्र में 19 जनवरी 2026 को एकता दिवस और 20-22 जनवरी को तीन दिवसीय आंदोलन का आह्वान किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *