स्वीकृत विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करें

भास्कर न्यूज ​| जशपुरनगर अल्पसंख्यक समुदायों के सर्वांगीण विकास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से जशपुर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय एवं कलेक्टर रोहित व्यास ने की। इस दौरान प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री के नवीन 15 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि विकास की किरण जिले के हर क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों की पहचान पारदर्शी तरीके से की जाए और उन्हें समय पर लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचे। कलेक्टर रोहित व्यास ने बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूल भवनों, अतिरिक्त कक्षों और शौचालयों के निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कर शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएं। इसके साथ ही स्टेडियम, खेल मैदानों के विकास, पेयजल व्यवस्था तथा स्वच्छता से संबंधित परियोजनाओं के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हांकन कर विस्तृत रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने महिला केंद्रित परियोजनाओं को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया: उन्होंने कहा कि महिलाओं के कौशल विकास, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जाना चाहिए। इसके अलावा अल्पसंख्यक समुदायों के लिए रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए विभागीय समन्वय को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष और कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि योजनाओं का उद्देश्य केवल आंकड़ों तक सीमित न रहकर वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचना होना चाहिए। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत जशपुर जिले के पांच प्रमुख विकासखंडों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। इनमें जशपुर, दुलदुला, मनोरा, कांसाबेल और कुनकुरी विकासखंड शामिल हैं। इन क्षेत्रों का चयन उन मानकों के आधार पर किया गया है, जहां 15 किलोमीटर के दायरे में 25 प्रतिशत से अधिक अल्पसंख्यक आबादी निवास करती है। योजना के तहत इन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, सड़क, स्वच्छता और सामुदायिक सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग, समय-समय पर समीक्षा और फील्ड स्तर पर निरीक्षण के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *