अमृतसर के गोल्डन टेंपल में मकर संक्रांति के मौके पर आज सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। पंजाब में माघी के नाम से जाने जाने वाले इस पर्व पर श्रद्धालु सुबह 3 बजे से ही मंदिर पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने सबसे पहले पवित्र सरोवर में स्नान किया और फिर दरबार साहिब के दर्शन कर अरदास की। सूर्योदय के समय मंदिर का दृश्य अत्यंत मनमोहक था, जहां लाखों श्रद्धालुओं ने सभी की सलामती के लिए प्रार्थना की। गोल्डन टेंपल में सामान्य दिनों में करीब एक लाख श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं, लेकिन त्योहारों के दिन यह संख्या दो से तीन लाख तक पहुंच जाती है। पालकी साहिब के दर्शन, निरंतर चलने वाले पाठ और कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मकर संक्रांति सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के अगले दिन मनाई जाती है। इस दिन जहां हिंदू परंपरा में खिचड़ी बनाने का रिवाज है, वहीं पंजाब के कुछ हिस्सों में साग का विशेष महत्व है। पूरे दिन श्रद्धालुओं का आना-जाना जारी रहा और मंदिर परिसर में लंबी कतारें देखी गईं।


