ट्रॉली में घुसी बाइक…3 की मौत:ट्रक ने महिला को रौंदा; 3 सड़क हादसों में 6 लोगों की जान गई

मध्यप्रदेश में बुधवार रात 3 अलग-अलग सड़क हादसों ने 6 लोगों की जान चली गई। मैहर में धान लदी खड़ी ट्रॉली से टकराई बाइक पर सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। ब्यावरा-सिरोंज हाईवे पर टैंकर की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत हो गई। वहीं छिंदवाड़ा में सड़क पर पड़ी गिट्टी से एक महिला नीचे फिसल गई। पीछे से आ रहे ट्रक ने महिला को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मैहर: बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर मौत
मुकुंदपुर चौकी क्षेत्र में गुजरा टोल प्लाजा के पास बुधवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक (MP 17 NB 4738) पीछे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों युवक रीवा में मजदूरी कर अपने गांव जमुना लौट रहे थे। मृतकों की पहचान अंकित सोंधिया (28), दीपक कोल (26) और नागेंद्र कोल (25) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही ताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा और मुकुंदपुर चौकी प्रभारी नागेश्वर मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए अमरपाटन अस्पताल भेज दिया। ब्यावरा: टैंकर ने टक्कर मारी, बाइक सवारों की मौत
ब्यावरा के सुठालिया थाना क्षेत्र में सिरोंज नेशनल हाईवे-752-बी पर तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान ग्राम सलेहपुर निवासी लखन पिता बापूलाल सौंधिया (35) और ग्राम खानोटा निवासी भेरूसिंह पिता गंगाराम सौंधिया (50) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात ये दोनों ब्यावरा से अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल भेरूसिंह को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ड्राइवर टैंकर छोड़कर मौके से भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी अनिल राहोरिया ने बताया कि अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। छिंदवाड़ा: ट्रक ने महिला को कुचल दिया
छिंदवाड़ा में गुरुवार सुबह करीब सवा आठ बजे गांधीगंज निवासी शीलु माहेश्वरी (55) अपने पति अतुल माहेश्वरी के साथ बाइक से नरसिंहपुर नाका रोड से गुजर रही थी। सड़क पर पड़ी कांक्रीट से बाइक का बैलेंस बिगड़ा और फिसल गई। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने महिला को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार नगर-निगम से सड़क पर कांक्रीट बिखरे होने की शिकायत की थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसी लापरवाही की कीमत महिला को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। लोगों ने लापरवाह अधिकारियों पर केस दर्ज करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाकर जांच शुरू कर दी है। ये खबर भी पढ़ें…
ऑटो की टक्कर से बाइक सहित उछला युवक, मौत
खंडवा में बुधवार देर रात सड़क हादसे ने खुशियों वाले घर में मातम बिखेर दिया। माता चौक से जेल रोड जा रहे एक बाइक सवार युवक को ऑटो ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह बाइक समेत हवा में उछल गया। सिर फटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *