शाजापुर में मकर संक्रांति का त्योहार मंगलवार को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हिंदू समाज के लोगों ने शुभ मुहूर्त में तिल्ली से स्नान कर सूर्यदेव की विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिरों में पतंगों से सुंदर सजावट की गई और भगवान को तिल से बने विशेष पकवानों का भोग लगाया गया। त्योहार के मौके पर लोगों ने धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए गौ माता को चारा खिलाया और दान-पुण्य किया। शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला, जहां छतों पर बच्चों और युवाओं ने धार्मिक और फिल्मी गानों की धुनों के साथ पतंगबाजी का आनंद लिया। आसमान में रंग-बिरंगी पतंगों की बहार के बीच पेंच लड़ाने का रोमांच भी देखने को मिला। पतंग कटने पर बच्चों में उसे पाने की होड़ लग जाती। इस अवसर पर महिलाओं ने भी गिल्ली-डंडा खेलकर त्योहार का आनंद लिया।


