जबलपुर में व्यापारी से चाकू दिखाकर हफ्ता वसूली:पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकाला, कान पकड़कर माफी मंगवाई

जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में एक कपड़ा व्यापारी को चाकू दिखाकर हफ्ता वसूली की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसका इलाके में जुलूस निकाला और सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई। खटीक मोहल्ला सराफा बाजार निवासी रेडीमेड कपड़ा व्यापारी ने पुलिस को शिकायत दी थी। उनकी मां के नाम से चुंगी नाका क्षेत्र में एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान संचालित है। 22 दिसंबर की रात करीब 8 बजे जब दुकान पर ग्राहक नहीं थे, तब व्यापारी दुकान के सामने बैठे थे। इसी दौरान राजीव गांधी नगर, माढ़ोताल निवासी अंशु अहिरवार दुकान पर पहुंचा और दुकान के सामने रखे कपड़ों को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि अंशु अहिरवार ने दुकान के बाहर टंगे बच्चों के कान में पहनने वाले छल्ले निकालकर सड़क पर फेंक दिए। इसके बाद उसने अपने पास रखा चाकू निकालकर लहराया और व्यापारी की मां-बहन को लेकर अश्लील गालियां दीं। आरोपी ने धमकी दी कि यदि चुंगी नाका क्षेत्र में दुकानदारी करनी है तो हर सप्ताह हफ्ता देना होगा। उसने यह भी कहा कि वह क्षेत्र के सभी दुकानदारों से हफ्ता वसूलता है और जो पैसे नहीं देगा, उसे चाकू से काट दिया जाएगा। व्यापारी का कहना है कि घटना के बाद आरोपी पास की अन्य दुकानों और ठेलों पर भी पहुंचा, जहां उसने चाकू दिखाकर हफ्ता वसूली की कोशिश की। इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत फैल गई, जिसके बाद उन्होंने सामूहिक रूप से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी अंशु अहिरवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 ए एवं 308(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का इलाके में जुलूस निकाला और कान पकड़कर सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई। पुलिस का कहना है कि शहर में हफ्ता वसूली और आपराधिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *