मुख्यमंत्री बोले- रोजगार से आत्मनिर्भर राजस्थान की नींव मजबूत:जयपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेले में 120 से अधिक निजी नियोजक शामिल, 5 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य

जयपुर की कॉमर्स कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेले में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रोजगार को आत्मनिर्भर राजस्थान की सबसे मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के साथ खड़ी है और उन्हें न केवल नौकरी देने, बल्कि भविष्य में रोजगार सृजनकर्ता बनाने की दिशा में काम कर रही है। राज्य स्तरीय रोजगार मेले में 120 से अधिक निजी नियोजकों ने भाग लिया, जबकि 4 हजार से अधिक बेरोजगार युवाओं ने पंजीकरण कराया। मेले के माध्यम से निजी और सरकारी दोनों क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह रोजगार मेला नई शुरुआत है और सरकार चाहती है कि ऐसे आयोजन हर जिले में हों, ताकि युवाओं को अपने आसपास ही रोजगार मिल सके। उन्होंने बताया कि इस मेले के माध्यम से 5 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि युवा यहां केवल नौकरी तलाशने नहीं, बल्कि अपना भविष्य संवारने आए हैं। राजस्थान के मेहनती युवा आज नौकरी मांगने आए हैं और कल यही युवा नौकरी देने वाले बनेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल नौकरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक है। सरकार का लक्ष्य लाखों युवाओं को निजी और सरकारी क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराना है, जिससे राजस्थान आत्मनिर्भर और मजबूत राज्य के रूप में आगे बढ़ सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *