इंदौर के चंदन नगर इलाके में बिजली कंपनी के एक आउटसोर्स कर्मचारी से विवाद के बाद दो युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले को लेकर थाने के अंदर भी जमकर हंगामा हुआ। आउटसोर्स कर्मचारी ने आरोप लगाया कि उसे ब्लैकमेल किया गया, वहीं आरोपित युवकों का कहना है कि बिजली विभाग का कर्मचारी लोगों से अवैध वसूली करता है। विवाद इतना बढ़ गया कि थाने में भी दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इसके बाद बिजली विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों ने थाने के बाहर सड़क पर बैठकर नारेबाजी की। चंदन नगर पुलिस ने लखन मालवीय, निवासी प्रजापति धर्मशाला के पास, चंदन नगर की शिकायत पर सिद्धीकी पिता सलीम खान, निवासी न्यू गांधी नगर और अनवर खान के खिलाफ विवाद, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। लखन मालवीय ने पुलिस को बताया कि वह बिजली विभाग में मीटर रीडिंग का काम करता है। सहायक यंत्री के निर्देश पर वह सिद्धीकी के घर बकाया बिल की जानकारी देने गया था। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि अनवर खान ने उसका वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद लखन ने पूरे मामले की जानकारी अपने अधिकारियों को दी। मामले के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगते रहे। इस दौरान आउटसोर्स कर्मचारियों ने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए थाने के बाहर धरना दे दिया। बाद में पुलिस ने विवाद, मारपीट और सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देने के मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


