भास्कर न्यूज | तमता पत्थलगांव थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत तमता में चोरी की बढ़ती वारदातों ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। बुधवार रात चोरों ने एक घर के आंगन में सेंध लगाकर वहां खड़ी नई बाइक चोरी कर ली। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल है। पीड़ित मुन्ना राम सोनी ने बताया कि बुधवार रात उन्होंने अपनी बाइक आंगन में खड़ी की थी। रात 1 बजे जब परिवार का एक सदस्य बाहर निकला, तो बाइक गायब थी। हैरानी की बात यह है कि आंगन में तीन अन्य बाइक भी खड़ी थीं। इनमें नई को ही चोर ले भागा। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने रातभर आसपास के रास्तों और गांवों में खोजबीन की, लेकिन बाइक नहीं मिली। पुलिस गश्त और कड़ी कार्रवाई की मांग: गुरुवार सुबह पीड़ित ने पत्थलगांव थाना प्रभारी को घटना की सूचना देकर चोरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, जनपद सदस्य रमेश कुमार यादव, उप सरपंच गोवर्धन यादव और अन्य ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गांव में रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। चोरी की गई बाइक और पुराने मामलों के आरोपियों को गिरफ्तार करें। गांव में सक्रिय चोर गिरोह ग्रामीण विक्की सोनी ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। एक दिन पहले ही चोरों ने स्कूल के पास से स्टार्टर और एक घर से दो मुर्गी चुराई थी। छोटे-मोटे सामानों से शुरू हुआ यह सिलसिला अब वाहनों की चोरी तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीण असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।


