भास्कर न्यूज | तोकापाल भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में ब्लॉक मुख्यालय तोकापाल के ग्राम पंचायत बेड़ागुड़ा में बुजुर्गों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंचायत की सरपंच सोनादाई कश्यप, उपसरपंच रैबारी बघेल, पंच फूलो बघेल सहित पंचगणों की उपस्थिति में गांव के वरिष्ठ नागरिकों को श्रीफल और साल भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजित इस कार्यक्रम में बुजुर्गों के सम्मान के साथ अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी न केवल एक महान नेता थे, बल्कि छत्तीसगढ़ के निर्माता के रूप में उनका योगदान अविस्मरणीय है, जिसे प्रदेश कभी नहीं भूल सकता। सरपंच सोनादाई कश्यप ने कहा कि पंचायत का लक्ष्य प्रत्येक बुजुर्ग तक सम्मान और सहयोग पहुंचाना है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मोत्सव को ग्राम स्तर पर उत्साह और एकजुटता के साथ मनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे आयोजन एक गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी क्षण बन गया।


