रिची ट्रैवल्स के मालिक से 5.54 करोड़ की ठगी:फर्जी राज्यसभा सदस्य दिखाकर कराया वन टाइम सेटलमेंट, नो-ड्यूज सर्टिफिकेट भी निकला जाली

जालंधर।रिची ट्रैवल्स के मालिक सतपाल मुल्तानी के साथ 5 करोड़ 54 लाख 17 हजार 318 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना-7 में दिल्ली निवासी मोहित गोगिया और भारत छाबड़ा के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 406 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों ने बैंक से वन टाइम सेटलमेंट (OTS) करवाने के नाम पर यह ठगी की। शिकायतकर्ता सतपाल मुल्तानी, निवासी जसवंत नगर ने पुलिस को बताया कि उनके पार्टनर सुखविंदर सिंह ने करीब 10 करोड़ रुपए का बैंक कर्ज लिया था। इस कर्ज के बदले परागपुर के पास जीटी रोड स्थित करीब 436 मरले का प्लॉट गिरवी रखा गया था, जबकि वे खुद बैंक के गारंटर थे। मुल्तानी के मुताबिक, पार्टनर धोखा देकर अमेरिका चला गया, जिसके बाद बैंक लगातार कर्ज की वसूली के लिए दबाव बना रहा था। कर्ज से छुटकारा पाने के लिए वे अपने एक परिचित के जरिए दिल्ली में मोहित गोगिया से मिले। खुद को राज्यसभा मेंबर बताकर बनाया भरोसा मुल्तानी ने बताया कि मोहित गोगिया के दिल्ली स्थित दफ्तर में उनकी मुलाकात एक ऐसे शख्स से करवाई गई, जिसने खुद को राज्यसभा सदस्य बताया। आरोपियों ने दावा किया कि बैंक ने उन्हें वन टाइम सेटलमेंट के लिए अधिकृत किया है। इसी भरोसे में आकर उन्होंने आरोपियों के बताए गए खाते में करोड़ों रुपए ट्रांसफर कर दिए। वाट्सऐप पर भेजा गया फर्जी नो-ड्यूज सर्टिफिकेट रकम लेने के बाद आरोपियों ने वाट्सऐप पर बैंक की ओर से जारी किया गया नो-ड्यूज सर्टिफिकेट भेज दिया और कहा कि एक महीने के भीतर बैंक से सभी दस्तावेज मिल जाएंगे। लेकिन तय समय बीतने के बाद भी जब कोई कागजात नहीं मिले तो मुल्तानी बैंक पहुंचे।बैंक अधिकारियों ने साफ किया कि ऐसा कोई नो-ड्यूज सर्टिफिकेट जारी ही नहीं किया गया, जिसके बाद ठगी का खुलासा हुआ। दिए गए चेक भी हुए बाउंस मुल्तानी ने बताया कि जब उन्होंने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो मोहित गोगिया ने तीन बार चेक दिए, लेकिन तीनों ही बाउंस हो गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दी।करीब एक साल चली जांच के बाद पुलिस ने मंगलवार रात थाना-7 में केस दर्ज किया। इसी महीने ईडी ने की थी छापेमारी गौरतलब है कि इसी महीने प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रिची ट्रैवल्स के दफ्तर, घर समेत कई ठिकानों पर छापेमारी भी की थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *