हेल्दी डाइट से करें आयरन की कमी को दूर

भास्कर न्यूज। लुधियाना। महिलाओं के शरीर में आयरन की कमी एक सामान्य समस्या है, जो थकावट, कमजोरी और एनीमिया जैसी दिक्कतों का कारण बन सकती है। आयरन शरीर में रक्त बनाने और ऊर्जा बनाए रखने में मदद करता है। आयरन की कमी को पूरा करने के लिए सही डाइट और लाइफस्टाइल का ध्यान रखना जरूरी है। शहर की डाइटिशियन के के मुताबिक कुछ आसान डाइट टिप्स हैं, जिनकी मदद से आयरन की कमी दूर करने में मदद मिलेगी। इन आसान डाइट टिप्स को अपनाकर महिलाएं न केवल आयरन की कमी से बच सकती हैं, बल्कि अपनी सेहत को भी बेहतर बना सकती हैं। स्वस्थ आहार के साथ नियमित व्यायाम और पर्याप्त नींद का ध्यान रखना भी जरूरी है। पालक, मेथी, सरसों और चौलाई जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां आयरन से भरपूर होती हैं। इन्हें अपनी डाइट में शामिल करें। पालक को सलाद, सूप या परांठे के रूप में खा सकती हैं। विटामिन सी के साथ इनका सेवन करें, ताकि आयरन आसानी से शरीर में अवशोषित हो सके। काजू, बादाम, किशमिश और अंजीर जैसे सूखे मेवे आयरन का अच्छा स्रोत हैं। साथ ही, कद्दू के बीज, सूरजमुखी के बीज और चिया सीड्स भी आयरन की कमी को पूरा करने में मददगार होते हैं। रोजाना नाश्ते में इन्हें शामिल करें। दालें, राजमा, चना, सोयाबीन और टोफू जैसे प्रोटीन युक्त आहार आयरन के अच्छे स्रोत हैं। इन्हें सूप, करी या सलाद के रूप में खाएं। दालों को नींबू के रस के साथ मिलाकर खाने से आयरन का अवशोषण बेहतर होता है। गेहूं के आटे की बजाय बाजरा, ज्वार, रागी जैसे मोटे अनाज खाएं। ये आयरन और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। रागी से बनी रोटी या बाजरे की खिचड़ी सर्दियों में विशेष रूप से लाभकारी होती है। आंवला, अनार, संतरा, मौसंबी और केला जैसे फलों में आयरन और विटामिन सी होता है, जो आयरन को शरीर में बेहतर तरीके से बनाए रखने में मदद करता है। रोजाना एक कटोरी अनार खाना फायदेमंद है। गुड़ और भुने चने का सेवन आयरन की कमी दूर करने का एक पारंपरिक और प्रभावी तरीका है। इसे स्नैक्स के रूप में खाएं। गुड़ से खून बढ़ाने में मदद मिलती है और चना प्रोटीन भी प्रदान करता है। चाय और कॉफी में टैनिन्स होते हैं, जो आयरन के अवशोषण में बाधा डाल सकते हैं। भोजन के तुरंत बाद चाय-कॉफी पीने से बचें। इनके बजाय हर्बल टी या ताजे फलों का जूस पिएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *