एनएचएआई, जेडीए, पीडब्ल्यूडी और ट्रैफिक पुलिस की कमेटी का निर्णय:हादसों का डीपीएस कट दो दिन बाद बंद होगा, नरसिंहपुरा फ्लाईओवर-महेंद्रा सेज से निकलेंगे वाहन

भांकरोटा में एलपीजी टैंकर हादसा वाला डीपीएस कट दो दिन बाद बंद हो जाएगा। यहां से रिंग रोड पर जाने वाले वाहनों को अब नरसिंहपुरा फ्लाईओवर के नीचे से महेंद्रा सेज रोड होते हुए रिंग रोड पर शिफ्ट किया जाएगा। यह निर्णय हादसा के बाद बनी कमेटी ने लिया है। कमेटी एनएचएआई, जेडीए, पीडब्ल्यूडी और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी शामिल हैं। हादसे के बाद वाहनों को दूसरे रास्ते से रिंग रोड पर शिफ्ट करने के लिए कमेटी अजमेर रोड से रिंग रोड की तरफ जाने वाले सभी वैकल्पिक रास्तों का दौरा किया। इसके बाद रविवार को कमेटी सदस्यों की बैठक हुई। इसमें अजमेर से आने वाले वाहनों को रिंग रोड पर शिफ्ट करने के लिए नरसिंहपुरा फ्लाईओवर के नीचे से महेंद्रा सेज वाली रोड को उचित माना है। इसके बाद एनएचएआई अधिकारी अलर्ट मोड़ पर आए गए और साइन बोर्ड लगाने का काम शुरू कर दिया है। गुरुवार-शनिवार से इस रोड पर वाहनों को शिफ्ट कर दिया जाएगा। 3 किलोमीटर पहले; रिंग रोड पर वाहनों को शिफ्ट करेंगे
डीपीएस कट से 3 किलोमीटर पहले नृसिंहपुरा अंडरपास से यातायात को महेंद्रा सेज रोड पर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से सेज टी-पॉइंट, नेवटा, कलवाड़ा होते हुए रिंग रोड पर भेजा जाएगा। इसके लिए एनएचएआई की तरफ से मार्ग की सड़क की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। जैसे ही यातायात को नृसिंहपुरा अंडरपास से डायवर्ट किया जाएगा, उसके बाद डीपीएस कट को पूरी तरह बंद किया जाएगा। 20 दिसंबर को हुआ हादसा, 20 लोगों की हो चुकी मौत
भांकरोटा इलाके में स्थित डीपीएस कट पर 20 दिसंबर की सुबह रिंग रोड के लिए घूम रहे एलपीजी टैंकर को जयपुर की तरफ से जा रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में लगी आग के कारण करीब 40 से ज्यादा लोग झुलस गए थे, जिनमें करीब 20 जनों की मौत हो चुकी। कुछ घायल अभी तक भी एसएमएस अस्पताल इलाज चल रहा है। “वाहनों को रिंग रोड पर डायवर्जन करने वाली टीम ने सभी मार्गों को सर्वे कर लिया है। कमेटी ने नरसिंहपुरा फ्लाईओवर से वाहनों को रिंग रोड पर शिफ्ट करने को निर्णय लिया है। दो-तीन दिन में नरसिंहपुरा से वाहनों को रिंग रोड पर शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद डीपीएस कट को बंद कर देंगे।”
-अजय आर्य, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई “कई वैकल्पिक मार्गों का विजिट करने के बाद अब नरसिंहपुरा से वाहनों को रिंग रोड पर डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया है। अगले दो-तीन दिन में इस मार्ग से रिंग रोड पर वाहनों को शिफ्ट कर दिया जाएगा। डायवर्जन सफल होने के बाद डीपीएस कट को बंद कर देंगे।”
-सागर राणा, डीसीपी, ट्रैफिक

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *