जयपुर |आदित्य ज्योतिष शोध संस्थान एवं श्रीमद्भागवत सेवा समिति के तत्वावधान में 24वें वार्षिक उत्सव के रूप में सांगानेर के आजाद नगर श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा से पहले महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। कृष्ण-राधा के स्वरूप की झांकी रथ में सवार कर निकाली गई। कलश यात्रा आजाद नगर, गोविंद नगर, तुलसी नगर, बैरवा कॉलोनी रोड़ से होते हुए टोंक रोड़ से आजाद नगर स्थित भागवत धाम पहुंची। इसके बाद कथा स्थल पर सामूुहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। व्यास पीठ से आचार्य जैनेंद्र कटारा ने श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य का वर्णन करते हुए कथा श्रवण की विधि के बारे में बताया। संस्थान की सुनीता कटारा ने बताया कि कथा प्रतिदिन प्रातः 10 से दोपहर 2 बजे तक होगी।


