सिटी रिपोर्टर | बोकारो शुक्रवार को डीसी का जनता दरबार का आयोजन समाहरणालय में किया गया। इसमें कुल 19 लोगों की फरियाद सुनी गई। डीसी के जनता दरबार में चास प्रखंड के सियालगाजरा निवासी दिव्यांग जाहिर अंसारी अपनी वृद्ध मां और तीन मासूम बच्चों के साथ पहुंचे थे। वह समाहरणालय परिसर में पोर्टिको के समीप अपने मां व बच्चों के साथ बैठा था। इसी बीच डीसी समाहरणालय पहुंचे व वाहन से उतरने के साथ ही युवक की समस्या सुनी। उसने डीसी को बताया कि वह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद चलने-फिरने में असमर्थ हो गया है। ऊपर से पत्नी की असमय मृत्यु ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया। हालात ऐसे बन गए कि परिवार का पेट पालने के लिए जाहिर को अपने बच्चों के साथ भिक्षाटन का सहारा लेना पड़ रहा है। डीसी के निर्देश पर जाहिर को सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा पियूष द्वारा तत्काल कंबल दिया गया। उन्हें दिव्यांग पेंशन भुगतान हो रहा है। उनके दो बच्चों को पोस्टर केयर योजना के अंतर्गत प्रति माह 4-4 हजार रुपए की सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। डीसी ने बच्चों के आवासीय विद्यालय में नामांकन को लेकर भी डीएसई को जरूरी दिशा-निर्देश दिया। डीसी के निर्देश पर जाहिर और उनके बच्चों को एक स्वयंसेवी संस्था के साथ टैग किया गया, जो नियमित रूप से उनकी देखभाल और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करेगी। साथ ही परिवार को राशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था कराई गई व ई-ट्राई साइकिल भी कराया जाएगा। जाहिर की गंभीर शारीरिक स्थिति को देखते हुए डीसी ने सिविल सर्जन व सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. एनपी सिंह को संपूर्ण मेडिकल चेकअप कराने का निर्देश दिया। इस दौरान उपायुक्त ने अन्य नागरिकों की शिकायतें भी सुनीं और संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध व संवेदनशील तरीके से निष्पादन के निर्देश दिए।


