पूर्व सांसद रामटहल चौधरी के छोटे भाई व प्रखर समाजसेवी उपेन्द्र कुमार चौधरी (66) का शुक्रवार की रात निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। शनिवार को उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव कुच्चू स्थित सपाही नदी मुक्ति धाम में पूरे विधि-विधान व रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र निशांत कुमार चौधरी ने दी। उपेन्द्र कुमार चौधरी अपने पीछे दो पुत्र, दो पुत्रियां सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अंतिम संस्कार के उपरांत शोक सभा का आयोजन किया गया, जहां दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। शोकसभा में राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहु, सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


