हेरहंज | हेरहंज पुलिस ने बुधवार को कुरांग और गुगई जंगल में अवैध रूप से 20 एकड़ से अधिक भूमि में लगाए गए पोस्ते की खेती को नष्ट कर दिया। थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। पांच ट्रैक्टर लगाकर जुताई कर उसे नष्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि उसे वनभूमि और गैरमजरुआ भूमि पर लगाए गए थे। उक्त खेती में पांकी थाना क्षेत्र के केकरगढ़ के तस्कर शामिल हैं। प्राथमिकी दर्ज कर उनके विरुद्ध अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। अभियान में जिला बल के साथ सैट के जवान और चौकीदार शामिल थे। भास्कर न्यूज | छतरपुर छतरपुर पुलिस ने बुधवार को विशेष अभियान चलाकर जंघवल वनक्षेत्र में करीब 4 एकड़ में लगी पोस्ते की फसल को नष्ट किया। थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि एसपी रिश्मा रमेशन को सूचना मिली थी कि जंघवल के इलाके में बड़े पैमाने पर पोस्ते की खेती की गई है। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई। वहां लगी पोस्ते की फसल को ट्रैक्टर से जुताई कर नष्ट कर दिया गया। हालांकि छापेमारी की भनक लगते ही पोस्ते की खेती करनेवाले फरार हो गए। इसके पूर्व भी शनिवार को जंघवल गांव की वन भूमि में 2 एकड़ में पोस्ते की फसल को नष्ट किया था। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्ते की खेती करनेवाले के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा। इसमें संलिप्त लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।


