भास्कर न्यूज | रामगढ़ कुशवाहा विकास समिति सह कुशवाहा भवन रामगढ़ के सत्र 2025-27 के अध्यक्ष और सचिव पद के पदाधिकारियों का चुनाव 16 जनवरी को होना निर्धारित है। चुनाव संबंधी जानकारी देते हुए चुनाव प्रभारी संरक्षण समिति के सदस्य घनश्याम महतो, तुलसी प्रसाद कुशवाहा, बलराम प्रसाद कुशवाहा ,रविकांत कुशवाहा, उमेश चंद्रा, भोलानंद प्रसाद ,गोकुल महतो और चमन महतो ने बताया कि चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। नामांकन और नामवापसी की प्रक्रिया के बाद अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए राजकुमार कुशवाहा, रमेश प्रसाद कुशवाहा और शिवचंद प्रसाद और सचिव पद पर भीम कुमार कुशवाहा और टीसी बॉबी प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं। जबकि कोषाध्यक्ष पद पर सिर्फ अनिल कुमार का नामांकन होने पर उन्हें पूर्व में ही निर्विरोध कोषाध्यक्ष घोषित किया गया है। चुनाव में कुशवाहा समाज के 217 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। चुनाव गुरुवार को कुशवाहा भवन परिसर में सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक गुप्त मतदान के माध्यम से कराया जाएगा। वहीं मतगणना के बाद देर शाम चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी। चुनाव के बाद निर्वाचित अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष दो उपाध्यक्ष, एक सह सचिव सहित कुल 21 कार्यकारिणी सदस्यों को नामित करेंगे। 1980 से हो रहा है समिति का चुनाव कुशवाहा विकास समिति सह कुशवाहा भवन के पदाधिकारियों का चुनाव वर्ष 1980 से हो रहा है। 1980-92 तक कुशवाहा विकास समिति सह कुशवाहा भवन के पहले अध्यक्ष मोहन महतो थे। इसके बाद 1992-97 तक घनश्याम महतो, 1997-2000 तक परिखित महतो, 2000-2002 तक तुलसी प्रसाद कुशवाहा, 2002- 2010 तक बलराम प्रसाद कुशवाहा, 2010-15 तक रविकांत कुशवाहा, 2015-17 तक रमेश प्रसाद कुशवाहा और 2017 से 15 जनवरी 2025 तक भोलानंद प्रसाद कुशवाहा समाज के अध्यक्ष रह चुके हैं।


