भास्कर न्यूज। लुधियाना/ खन्ना फतेहगढ़ साहिब में अमलोह नगर कौंसिल चुनावों के दौरान एडवोकेट हसन सिंह पर हमले के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर खन्ना के वकील पिछले काफी दिनों से हड़ताल पर हैं। एडवोकेट हसन सिंह जोकि खन्ना, समराला बार एसोसिएशन के भी सदस्य हैं, को इंसाफ दिलाने के लिए 16 जनवरी को पंजाब भर के वकील दूसरी बार हड़ताल पर रहेंगे। इससे पहले 9 जनवरी को प्रदेश में हड़ताल रही थी और फतेहगढ़ साहिब में एसएसपी दफ्तर बाहर धरना लगाया गया था। खन्ना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजप्रीत सिंह अटवाल, एडवोकेट नवीन शर्मा, एडवोकेट रवि कुमार ने कहा कि नगर कौंसिल चुनावों में एडवोकेट हसन सिंह की भाभी उम्मीदवार थीं। वोटिंग वाले दिन जब एडवोकेट हसन सिंह पोलिंग बूथ पर मौजूद थे तो इसी दौरान विधायक का भाई अपने साथियों समेत वहां आया। एडवोकेट हसन सिंह पर हमला कर दिया गया। रिवॉल्वर का बट एडवोकेट के सिर में मारा गया। तेजधार हथियारों से हमला किया गया। इसके बाद एडवोकेट हसन सिंह को अस्पताल भर्ती कराया गया था। उनकी एमएलआर कटवाई गई। इंसाफ के लिए वकीलों ने हड़ताल की। लेकिन फतेहगढ़ साहिब की पुलिस ने शहीदी सभा में व्यस्त होने का हवाला देते हुए इस पर कोई कार्रवाई नहीं की थी। इसे लेकर एक पत्र डीजीपी पंजाब को भी लिखा गया। एसएसपी से मुलाकात की गई। एसएसपी ने दो-तीन दिनों का समय मांगा था। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। सियासी दबाव में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। वकीलों ने कहा कि आज पंजाब में दोबारा हड़ताल की गई है, अगर न्याय ना मिला तो आगे की रणनीति का फैसला लिया जाएगा। वहीं, लुधियाना जिला बार एसोसिएशन की एक्जीक्यूटिव बॉडी की मीटिंग प्रधान चेतन वर्मा की अगुवाई में हुई। इस दौरान 16 जनवरी को अदालतों में काम न करने का मता पास किया गया। मीटिंग में संदीप अरोड़ा, करुणेश कुमार, वंशिका जैन व अन्य लोग मौजूद रहे। खन्ना में मीटिंग करते वकील। लुधियाना में समर्थन देते वकील।


