झारखंड में भी युवा महोत्सव आयोजित करेगी सरकार, अधिकारी प्लान तैयार करें : सुदिव्य

पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद व युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बुधवार को घोषणा की कि राज्य सरकार भी झारखंड में युवा महोत्सव आयोजित करेगी। राज्य भर से प्रतिभागी इसमें भाग लेंगे। युवाओं के विचार, उनकी प्रतिभा राज्य के विकास में सहायक होगी। उन्होंने अधिकारियों से इसकी योजना को अंतिम रूप देने को कहा। मंत्री ने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025 से लौटे प्रतिभागियों को सम्मानित किया। भाषण प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान पर रही स्वाति राज (दुमका) के अलावा प्रधानमंत्री के समक्ष प्रजेंटेशन देने के लिए शुभांगी क्षितिजा सौरभ (गुमला) व ऋषित (जमशेदपुर) को सम्मानित किया गया। मंत्री ने प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों एवं टीम लीडरों को अंग वस्त्र और स्मृति चिह्न प्रदान किया। इस अवसर पर अवर सचिव राजेश कुमार, झारखंड नेहरू युवा केंद्र की डायरेक्टर ललिता कुमारी, डिप्टी नोडल पदाधिकारी ओमप्रकाश पांडेय, टीम लीडर पुरुषोत्तम आदि मौजूद थे। युवा तार्किक बनें, सवाल पूछने की आदत विकसित करें मंत्री ने कहा कि युवा तार्किक बनें। सवाल पूछने की आदत विकसित करें। झारखंड के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। वे हर क्षेत्र में परचम लहराने की क्षमता रखते हैं। बस जरूरत है, उन्हें बेहतर मार्गदर्शन की। मंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार ऐसे युवाओं को हरसंभव सहयोग करेगी, ताकि वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें। युवाओं का जोश और ऊर्जा राज्य व देश के विकास की नींव है। गांव व राज्य मजबूत होगा, तभी देश भी मजबूत होगा। रांची के सर्किट हाउस में हुए सम्मान समारोह में भाग लेते मंत्री सुदिव्य सोनू।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *