भास्कर न्यूज | अमृतसर रेलवे सुरक्षा बल ने ट्रेन में महिला यात्री की छूटी सोने की तीन अंगूठियां वापस की हैं। महाराष्ट्र की यात्री महिला ने रेलवे सुरक्षा बल का धन्यवाद किया। महिला सपना तावर अपने पति भरत चावला के साथ अमृतसर घूमने आई थी। इस दौरान महिला का पर्स जिसमें सोने की तीन अंगूठियां थीं छत्तीसगढ से आई ट्रेन 18237 में छूट गया। पीड़ित की ओर से इस संबंध में पर्स ट्रेन में छूटने की जानकारी आरपीएफ को थाने में आकर दी। वहीं ट्रेन भी रेलवे वर्कशाप में धुलने के लिए जा चुकी थी। रेलवे सुरक्षा बल के सब इंस्पेक्टर अजय शर्मा के नेतृत्व में एएसआई मोहम्मद रशीद ने टीम के साथ सारी ट्रेन की चैकिंग की। चैकिंग के दौरान रेलवे सुरक्षा बल को महिला का पर्स मिला, जिसमें सोने की तीन अंगूठियां थीं। सुरक्षा बल की ओर से महिला यात्री को पर्स वापस किया गया।


