विदिशा बस स्टैंड पर बुधवार दोपहर बस कंडक्टर और यात्री के बीच हुए एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यात्री और बस कंडक्टर किसी बात पर कहासुनी में यात्री ने कंडक्टर पर नारियल काटने वाले हसिए से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में कंडक्टर बब्लू की गर्दन पर गंभीर चोट आई, जिसके कारण उनके गले में 18 टांके लगाने पड़े। घटना के बाद कंडक्टर के साथियों ने गुस्से में आकर लाठी-डंडों से यात्री कुलदीप की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को तत्काल विदिशा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग एक व्यक्ति की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने बस स्टैंड पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सीएसपी अतुल सिंह ने बताया कि आज बस स्टैंड पर झगड़े की जानकारी मिली थी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि भोपाल से विदिशा के लिए आने वाली बस में एक सवारी कुलदीप विश्वकर्मा बैठा था। उसका कुछ सामान बस में रह गया था, जिसके लिए उसने ड्राइवर-कंडक्टर से बात की। उन लोगों ने दूसरी बस से सामान आने की बात कही, तो इसी बात पर कुलदीप आक्रोशित हो गया और उसने हंसिया निकालकर कंडक्टर के सिर पर वार कर दिया, जिससे कंडक्टर को गंभीर चोट लगी। बस के क्लीनर के साथ भी मारपीट की गई। इसी बात पर बस स्टैंड पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। कुलदीप विश्वकर्मा के खिलाफ धारा 109, 296, 115, 391/2 के तहत मामला दर्ज किया गया है और बस कंडक्टर व ड्राइवर के खिलाफ धारा 296, 115, 391/2 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्ष जिला चिकित्सालय में भर्ती हैं और उनका इलाज किया जा रहा है।


