घने कोहरे में ट्रक-जीप की टक्कर, 2 की मौत:दो गंभीर घायल; नोहर-भादरा मार्ग पर हुआ हादसा

हनुमानगढ़ जिले के फेफाना थाना क्षेत्र में देर रात घने कोहरे के बीच एक भीषण सड़क हादसा हुआ। नोहर-भादरा मार्ग पर ट्रक और जीप की आमने-सामने की टक्कर में जसाना गांव के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान मनोज (पुत्र भूराराम) और सुरेंद्र (पुत्र जीराज भाट) के रूप में हुई है। घायलों में शंकरलाल (पुत्र ओमप्रकाश जाट) और शंकरलाल (पुत्र राजाराम) शामिल हैं। घायलों को पहले नोहर के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, फिर गंभीर हालत के चलते सिरसा के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि दुर्घटना के समय घना कोहरा था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। मोठ (धान का बोर) से भरा ट्रक नोहर से भादरा की ओर जा रहा था, जबकि जीप विपरीत दिशा से आ रही थी। कम दृश्यता के कारण दोनों वाहन एक-दूसरे को समय रहते नहीं देख पाए और अचानक आमने-सामने आ जाने से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने सड़क हादसे की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। फेफाना पुलिस थाना प्रभारी विजेंद्र शर्मा ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे घने कोहरे के समय विशेष सतर्कता बरतें और गति सीमा का पालन करें, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *