राम केवल एक शब्द नहीं अपितु जीवन की समस्त बाधाओं से सुरक्षा देने वाला कवच:संत अश्वनी बेदी

भास्कर न्यूज | लुधियाना राम नाम दीपक बिना, घर में रहा अंधेर के उद्घोष और भक्ति की अविरल धारा के साथ लुधियाना की धरा रविवार को आध्यात्मिक रस में सराबोर हो उठी। श्री राम शरणम्, श्री राम पार्क के तत्वावधान में आयोजित 71वें राम नाम अखंड जप महायज्ञ का आर्य कॉलेज के प्रांगण में अत्यंत श्रद्धा, गरिमा और हर्षोल्लास के साथ विधिवत समापन हुआ। समापन के क्षणों में आकाशभेदी श्री राम के जयघोष से संपूर्ण वातावरण न केवल दिव्य बल्कि असीम ऊर्जा से स्पंदित हो उठा। हजारों की संख्या में उमड़ा जन-सैलाब प्रभु भक्ति की उन लहरों में गोते लगाता दिखाई दिया। इस अवसर पर संत अश्वनी बेदी महाराज ने स्वामी सत्यानन्द महाराज के शाश्वत और कल्याणकारी संदेश को साझा करते हुए उपस्थित जनसमूह को आत्मिक प्रकाश से आलोकित किया। उन्होंने अमृत वचनों में कहा, हे प्यारे! तू नित्य नियम से राम नाम का जाप किया कर। महाराज ने राम नाम की महिमा का बखान करते हुए बताया कि राम केवल एक शब्द नहीं अपितु जीवन की समस्त बाधाओं और झंझावातों से सुरक्षा प्रदान करने वाला एक अभेद्य कवच है। इसका निष्काम और नियमित जप मानसिक तनाव और चिंताओं को समूल नष्ट कर आंतरिक शांति का मार्ग प्रशस्त करता है। यह जीवात्मा का परमात्मा से साक्षात्कार कराने वाला वह सरलतम सोपान है। जो अहंकार को विगलित कर हृदय में विनम्रता और करुणा का दिव्य संचार करता है। महायज्ञ के विश्राम पर मां रेखा बेदी ने अपनी अत्यंत भावपूर्ण और मर्मस्पर्शी शैली में जब अमृतवाणी का पाठ किया तो पांडाल में उपस्थित प्रत्येक भक्त आत्मविभोर होकर अश्रुपूर्ण नेत्रों से प्रभु सुमिरन में खो गया। इसके उपरांत संयम भल्ला और समर बेदी ने अपनी सुरीली और ओजस्वी ध्वनि में प्रभु महिमा के भजनों की ऐसी अविरल गंगा बहाई कि संपूर्ण परिसर राम-मयी हो गया। विशेष रूप से राम नाम को सिमरिये राम नाम एक तार और बोलो राम राम जय राम के गायन ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा, मनिंदर सिंघ बित्ता, अमृता वारिंग, मदन लाल बग्गा, अशोक पराशर पप्पी, दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल, भारत भूषण आशु, राकेश पराशर, पवन दीवान, विजय दानव और मनु जयरथ आदि उपस्थित रहे। साथ ही हेश मित्तल, ओंकार सिंघ पाहवा, दर्शन लाल बवेजा, टीटू पायलट, सुमित गुप्ता, कुलदीप अग्रवाल, संदीप जैन, वेद व्रत भल्ला भी पहुंचे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *