300 गंभीर कुपोषित बच्चों को लिया गोद, 53 सामान्य श्रेणी में

भास्कर न्यूज | बालोद जिला प्रशासन का मिशन गोद अभियान कुपोषण मुक्ति की दिशा में कारगर साबित हो रहा है। इस अभियान में जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और समाज के सभी वर्ग सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। जिलेवासियों के समवेत प्रयास से अब तक जिले के 20.80 प्रतिशत गंभीर कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाया जा चुका है। जिला प्रशासन ने गंभीर कुपोषित बच्चों को पौष्टिक भोजन, समुचित देखभाल और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिम्मेदारी जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारी- कर्मचारियों, समाजसेवी संगठनों और समाज के सभी वर्गों को दी। 10 सितंबर से 10 दिसंबर तक तीन महीने की अवधि में अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों ने कुल 300 गंभीर कुपोषित बच्चों को गोद लिया, जिनमें से 53 बच्चे सामान्य श्रेणी में आए। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने 184 बच्चों को गोद लिया, जिनमें से 51 बच्चे सामान्य श्रेणी में आए। जनसामान्य ने 180 बच्चों को गोद लिया, जिनमें से 36 बच्चे सामान्य श्रेणी में आए। इस तरह जिले में कुपोषित बच्चों की संख्या में कमी आई है। अभियान के तहत बच्चों के लिए न्यूनतम 500 रुपए से अतिरिक्त आहार व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे अब तक कुल 4 लाख 48 हजार रुपए से अधिक की राशि प्राप्त हो चुकी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *