राजगांगपुर| धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले गुरु गोबिंद सिंह के चारों साहबजादों की शहादत को नमन करते हुए वीर बाल दिवस के अवसर पर राजगांगपुर शहर में शोभायात्रा निकाली गई। यह आयोजन ओसीएल मार्केट गुरुसिंह सभा गुरुद्वारा कमेटी के बैनर तले किया गया। शोभायात्रा ओसीएल मार्केट स्थित गुरुद्वारा से आरंभ होकर एप्रोच रोड, नायर चौक, सूता मिल माटी गेट और हरि मिशन चौक से होते हुए रानीबंध गुरुद्वारा पहुंची। वहां शबद, कीर्तन और जलपान सेवा के पश्चात संध्या 5:30 बजे कार्यक्रम का समापन हुआ। ओसीएल मार्केट गुरुद्वारा के ग्रंथी गुरमीत सिंह और रानीबंध गुरुद्वारा के वरिष्ठ ग्रंथी ने चार साहबजादों की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके त्याग, साहस और अडिग आस्था को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि कम आयु में भी साहबजादों ने धर्म की रक्षा हेतु प्राण न्योछावर कर दिए, जो आज भी समाज को सत्य और साहस के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।


