भास्कर न्यूज | कवर्धा जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी कार्यालय में 140वां स्थापना दिवस मनाया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने पार्टी का ध्वज फहराया। संगठन में लंबे समय से सेवा देने वाले 51 वरिष्ठ कांग्रेसियों का सम्मान किया। जायसवाल ने कहा कि 28 दिसंबर 1885 को स्थापित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि आज़ादी, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की मजबूत विचारधारा है। कांग्रेस ने स्वतंत्रता संग्राम में देश को एकजुट कर ऐतिहासिक भूमिका निभाई और भारत को आज़ादी दिलाने में नेतृत्व किया। स्वतंत्रता के बाद भी कांग्रेस ने संविधान निर्माण, लोकतांत्रिक व्यवस्था की स्थापना, पंचायती राज, सार्वजनिक उपक्रम, हरित व श्वेत क्रांति, शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इस अवसर पर पूर्व विधायक ममता चंद्राकर, शहर अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर, प्रदेश सचिव वीरेंद्र जांगड़े, जगमोहन साहू, सेवा दल अध्यक्ष पदुम सेन, किसान कांग्रेस अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा अगम, पूर्व पार्षद संतोष यादव आदि उपस्थित रहे। लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास: नवीन ने कहा कि आईआईटी, आईआईएम, एम्स, विश्वविद्यालयों की स्थापना, किसानों, मजदूरों और गरीबों के हित में नीतियां व सामाजिक न्याय को मजबूत करना कांग्रेस की प्राथमिकता रही है। जब लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास हो रहा है, तब कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और देश की एकता-अखंडता की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी है। कांग्रेस नफरत नहीं, मोहब्बत और एकता की राजनीति में विश्वास करती है।


