चिनियां ने 3-1 ने जीता फाइनल मुकाबला

भास्कर न्यूज | रामचंद्रपुर रामचंद्रपुर ब्लॉक के ग्राम चिनियां में रविवार को सूर्य प्रकाश मेमोरियल जनपद स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में घरेलू टीम चिनियां ने शानदार खेल दिखाते हुए तेतरडीह को 3-1 के अंतर से शिकस्त देकर खिताबी जीत हासिल की। तेतरडीह की टीम उपविजेता रही। यह टूर्नामेंट प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री रामविचार नेताम द्वारा अपने दिवंगत बेटे सूर्य प्रकाश नेताम की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। इस टूर्नामेंट में जनपद की कुल 44 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के मैच धमनी, आरागाही, आबादी और चिनियां के चार अलग-अलग मैदानों में आयोजित किए गए। समापन समारोह की मुख्य अतिथि पुष्पा रामविचार नेताम ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। विजेता चिनियां की टीम को 41,000 रुपए नगद और ट्रॉफी दी गई। वहीं, उपविजेता तेतरडीह की टीम को 25,000 रुपए नगद और ट्रॉफी दी गई। प्रतियोगिता में शामिल सभी 44 टीमों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में ड्रेस किट प्रदान की गई। पुष्पा नेताम ने कहा कि नेताम परिवार क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने खेल को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अनिवार्य बताया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष अमावस सिंह, सुनील सिंह, रामविचार सिंह, वीरेंद्र सिंह मरकाम, मंगल सिंह और राम प्रवेश सिंह सहित अन्य सदस्य ने सहयोग किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *