अनगड़ा-गेतलसूद मार्ग के सिरका के समीप रविवार की शाम पांच बजे एक ऑटो के पलटने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका शिवानी देवी (40) पति लखन मिर्धा सिकिदिरी थाना क्षेत्र के नवागढ़ की रहने वाली है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि शिवानी व अन्य पांच परिजन ऑटो में सवार होकर एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने रातू गए थे। वापसी के दौरान सिरका के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार की बाइक को बचाने के क्रम में ऑटो असंतुलित होकर पलट गया। ऑटो में सवार अन्य सभी लोग सुरक्षित ंहै। घटना की सूचना मिलते ही सिरका मुखिया रौशन मुंडा व अन्य ग्रामीणों ने सभी को ऑटो से बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलने पर अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। घटना के बाद बाइक सवार फरार हो गया।


