मनेंद्रगढ़ | पानी टैंकर लेकर घर जाने के दौरान रास्ते में ट्रैक्टर सहित टैंकर के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें दबकर चालक की मौत हो गई। केल्हारी पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है। जानकारी के अनुसार केल्हारी थानांतर्गत ग्राम बिछिया टोला के आश्रित ग्राम भैसाताल निवासी 30 वर्षीय गोपीचंद साहू रविवार की दोपहर बाद करीब 3 बजे केवई नदी से पानी टैंकर लेकर अपने घर जा रहा था। कच्चे रास्ते में ट्रेक्टर सहित टैंकर के अनियंत्रित होकर पलट जाने से इंजन के नीचे दबकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से किसी प्रकार उसे इंजन के नीचे से निकालकर केल्हारी पुलिस की गाड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।


