मऊगंज के पन्नी में सरपंच उपचुनाव, 58.67% वोटिंग:976 महिलाओं ने वोट डाले, 2 जनवरी को मतगणना; चार प्रत्याशी मैदान में

मऊगंज जनपद के ग्राम पंचायत पन्नी में सरपंच पद के लिए उपचुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लिया। पूरे चुनाव के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। कुल 58.67 प्रतिशत वोटिंग रिटर्निंग ऑफिसर उमाकांत शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत पन्नी में कुल 3269 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से 1918 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 58.67 रहा। 976 महिलाओं ने वोट डाले इस उपचुनाव में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। मतदान करने वालों में 942 पुरुष मतदाता शामिल रहे, जबकि 976 महिलाओं ने वोट डाले। यह आंकड़ा पंचायत चुनावों में महिलाओं की बढ़ती जागरूकता और सक्रिय भूमिका को दर्शाता है। चार प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में बंद सरपंच पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें महेंद्र मिश्रा, रामाश्रय मिश्रा, संतोष मिश्रा और निरंजन मिश्रा शामिल हैं। मतदान समाप्त होने के बाद सभी प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में सुरक्षित हो गया है। मतगणना 2 जनवरी 2026 को की जाएगी। पूर्व सरपंच के निधन के बाद हुआ उपचुनाव उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत पन्नी के पूर्व सरपंच रामदरस मिश्रा के निधन के बाद यह पद रिक्त हो गया था। करीब सात महीने बाद हुए इस उपचुनाव से पंचायत को नया नेतृत्व मिलने की उम्मीद जगी है। प्रशासन रहा मुस्तैद चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अब ग्राम पंचायत पन्नी के मतदाताओं और प्रत्याशियों की निगाहें 2 जनवरी को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। परिणाम घोषित होने के बाद पंचायत को नया सरपंच मिलेगा, जो आगे विकास कार्यों की दिशा तय करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *