भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर में लगातार लग रहे ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। सोमवार को ट्रैफिक पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजारों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर ने बताया कि ट्रैफिक जोन इंचार्जों की टीम के साथ मिलकर अवैध अतिक्रमण हटाया गया। यह कार्रवाई छेहर्टा बाजार, पुतलीघर बाजार, रेलवे स्टेशन, लिबर्टी मार्केट से दोआबा चौक तक की गई। यहां दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी की ओर से सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। इस दौरान कई जगहों पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू कराया गया और राहगीरों को भी राहत मिली। इसके साथ ही ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई गई। काली फिल्म लगे वाहनों, बुलेट बाइक पर पटाखों की आवाज करने वालों और ट्रिपल राइडिंग करने वालों के 40 चालान काटे गए। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी। एडीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि शहरवासियों को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाई जा सके। पुलिस ने दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे सड़क और फुटपाथ खाली रखें, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।


