भास्कर न्यूज | बालोद जिले की मनोरम प्राकृतिक वादियों में इको-टूरिज्म का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नारागांव में एडवेंचर और राफ्टिंग सेंटर स्थापित किया जा रहा है। गुरूर विकासखंड के सियादेवी मंदिर के समीप बन रहे इस केंद्र में पर्यटक राफ्टिंग, कैंपिंग, बोनफायर और स्थानीय व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। परियोजना में स्थानीय सामग्री और पारंपरिक कौशल से बनी बांस की राफ्ट का सफल परीक्षण भी किया जा चुका है। भविष्य में यहां ईको-कॉटेज और सूर्योदय-सूर्यास्त व्यू प्वाइंट भी विकसित किए जाएंगे, जिससे प्रकृति के बीच पर्यटकों को एक संपूर्ण अनुभव मिलेगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने स्थल का निरीक्षण कर परियोजना को अंतिम स्वीकृति दी है। नए वर्ष से शुरू होने वाली इस पहल से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर सृजित होंगे और बालोद जिले में इको-टूरिज्म को मजबूती मिलेगी।


