मंदसौर में पुलिस की तत्परता से बची व्यक्ति की जान:बालागुड़ा में दिल का दौरा पड़ा, थाना प्रभारी की टीम ने अस्पताल पहुंचाया

मंदसौर जिले के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के बालागुड़ा में सोमवार रात पुलिस की तत्परता से एक व्यक्ति की जान बच गई। सड़क पर अचानक दिल का दौरा पड़ने पर पुलिस ने बिना देरी किए उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, पप्पूलाल हरिजन (45) अपनी पत्नी और जमाई के साथ धारियाखेड़ी से राजस्थान के पिल्लू गांव जा रहे थे। बालागुड़ा स्थित बालाजी मंदिर के पास उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा और वे सड़क पर गिर गए। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिपलियामंडी थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम में एसआई मूलचंद धाकड़, आरक्षक उदल सिंह राठौर और आरक्षक धनपाल सिंह शामिल थे। पुलिस ने घायल पप्पूलाल को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपलियामंडी पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से उनकी हालत में तेजी से सुधार हुआ। डॉक्टरों के अनुसार, पप्पूलाल की स्थिति अब स्थिर है और वे स्वस्थ हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *