सतना जिले के कोटर थाना क्षेत्र के अबेर गांव में अवैध शराब पैकारी का विरोध कर रहे एक आदिवासी युवक की देर रात बोलेरो वाहन से कुचलकर मौत हो गई। परिजनों ने इसे हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया। घटना सोमवार रात की है। जानकारी के मुताबिक युवक शराब वेयरहाउस के पास मौजूद था। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही कोटर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान वीरेंद्र आदिवासी, पिता राधे आदिवासी के रूप में हुई है। मृतक के भाई योगेंद्र आदिवासी ने आरोप लगाया कि वीरेंद्र लंबे समय से इलाके में चल रही अवैध शराब पैकारी का विरोध कर रहा था। इसी को लेकर उसका शराब ठेकेदार और उससे जुड़े लोगों से विवाद चल रहा था। भाई बोला- यह हादसा नहीं, साजिशन हत्या है योगेंद्र आदिवासी का कहना है कि यह कोई सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं है। जानबूझकर बोलेरो वाहन चढ़ाकर उसके भाई की हत्या की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब ठेकेदार के गुर्गों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस बोली हर एंगल से जांच कर रही पुलिस ने बोलेरो वाहन की पहचान कर ली है और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कोटर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वाहन से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। शव रखकर प्रदर्शन, सड़क जाम स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन लोगों पर शक जताया जा रहा है, वे इससे पहले मटेहना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास मारपीट की घटना में भी शामिल रहे हैं। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने अबेर गांव में शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सतना-सेमरिया मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। हालात को संभालने के लिए कोटर सहित आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।


