अमृतसर| वीरवार को पूरे दिन गहरी धुंध (रेडिएशन फॉग) छाई रही। 24 घंटे में एक मिनट भी ऐसा नहीं रहा जब विजिबिलिटी 300 मीटर से ज्यादा हुई हो। इसके चलते धूप नहीं निकली। दिन का पारा 11.7 डिग्री दर्ज किया गया। फिलहाल सरहदी जिले के लिए मौसम विभाग ने 19 जनवरी तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट स्थित विमानन एवं मौसम दफ्तर इंचार्ज शशांक वर्मा वैज्ञानिक डी अधिकारी के मुताबिक रात का 7.2 डिग्री रहा, जबकि बुधवार को अधिकतम पारा 19.3 और 2.8 डिग्री रहा। उन्होंने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के बाद रेडिएशन फॉग का असर है नतीजतन गहरी धुंध और सर्दी है। उनका कहना है कि 19 तक मौसम इसी तरह से रहेगा। वर्मा ने बताया कि आगे 20 जनवरी से बादल छाएंगे और यह सिलसिला 22 जनवरी तक रहेगा। इस बीच बारिश के भी आसार हैं। फिलहाल महीने के आखिर तक सर्दी, धुंध और शीतलहर की स्थिति इसी तरह से रहेगी। उनका कहना है कि इस बीच दिन का पारा 19/20 और रात का 7/10 डिग्री के बीच रह सकता है।


