बड़वानी में मंगलवार को युवक कांग्रेस ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शहर के श्री राम चौक पर बांग्लादेश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री मोहम्मद युनूस का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष सचिन यादव ने कहा कि बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं पर हमले किए जा रहे हैं और मंदिरों को क्षति पहुंचाई जा रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है। कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने बांग्लादेश में हिंदुओं के कथित नरसंहार पर चिंता व्यक्त की। युवक कांग्रेस ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी समुदाय (हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई) के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद बांग्लादेश में कट्टरपंथियों द्वारा हिंदुओं पर हत्या और अत्याचार किए जा रहे हैं। कांग्रेस ने भारत सरकार से तत्काल प्रभाव से बांग्लादेश को दी जाने वाली सभी सुविधाओं को बंद करने की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में विधानसभा अध्यक्ष सचिन यादव, ब्लॉक अध्यक्ष बाबूदादा कोटवाल, करण दरबारजी, विधायक प्रतिनिधि विष्णु बनड़े, अरुण यादव, अशोक गोले, नितिन यादव, अंकुर सोनी, बाबू धनगर, दीप गेहलोत, रोहित यादव, विशाल यादव, रवि यादव, बादल गिरासे, पंकज सेन, मुकेश धनगर और कालू मसीह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


