सिंगरौली जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे अफरा-तफरी मच गई। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक को उसके परिजन इलाज की मदद मांगने वहां पहुंचे थे। घायल युवक को देखकर परिसर में लोगों की भीड़ लग गई। घायल युवक का नाम मनोज सोनी है। परिजन ने बताया कि मनोज सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ था और उसका इलाज पहले बनारस में चल रहा था। आर्थिक हालत कमजोर होने के कारण वे उसे बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल नहीं ले जा पा रहे हैं। एक घंटे इंतजार के बाद सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध मिली पीड़ित मनोज सोनी ने बताया कि डॉक्टर्स ने उसकी एक नस दबने की बात कही है, जिससे उसका शरीर पैरालाइज हो गया है। वह नागपुर में इलाज कराना चाहता है, जिसके लिए एयर एंबुलेंस की जरूरत बताई जा रही है। परिजन का आरोप है कि एयर एंबुलेंस की मांग पर तत्काल कोई व्यवस्था नहीं हो सकी। करीब एक घंटे तक इंतजार के बाद सरकारी अस्पताल की एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई। इस दौरान परिजन ने घायल युवक को कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के पास जमीन पर लिटा दिया। युवक कलेक्टर से मिलकर मदद की गुहार लगाना चाहता था, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। मौके पर पहुंचे एसडीएम सुरेश जादव ने बताया कि घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर उसे आगे हायर सेंटर रेफर करने की भी व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद युवक को एंबुलेंस से बैढ़न स्थित ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया।


