70 साल का बजुर्ग 15 साल से लगा रहा चक्कर:छतरपुर जनसुनवाई में नहीं हुआ समस्या का समाधान तो फूटा गुस्सा, मंगलवार को 130 शिकायतें आईं

छतरपुर में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में एक 70 वर्षीय वृद्ध ने अपनी समस्या के समाधान के लिए पिछले 15 सालों से चक्कर लगाने का आरोप लगाया। वृद्ध का कहना है कि उन्हें लगातार तारीख पर तारीख दी जा रही है, लेकिन उनकी समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है। यह मामला छतरपुर जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत के सभाकक्ष में हुई जनसुनवाई का है। छतरपुर तहसील के कादरी गांव निवासी 70 वर्षीय स्वामी प्रसाद चौबे (पिता- स्व. लाडले चौबे) ने बताया कि वह वर्ष 2010 से अपनी समस्या के समाधान के लिए परेशान हैं। चौबे ने अधिकारियों पर आरोप लगाया कि वे उन्हें एक विभाग से दूसरे विभाग भेजते रहते हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें तहसील, एसडीएम कार्यालय, सिंचाई विभाग, पुलिस विभाग और एसडीओ कार्यालय सहित कई जगहों पर भेजा गया, लेकिन कहीं भी उनकी सुनवाई नहीं हुई। खसरा की नकल नहीं मिलने से परेशान
वृद्ध ने विशेष रूप से खसरा नंबर 409 की 1993 से 1999 तक की नकल मांगी है, जो उन्हें अभी तक नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि जब भी वह अपने आवेदन के संबंध में जानकारी लेने जाते हैं, तो उन्हें ‘कल आना’, ‘परसों आना’, ‘एक हफ्ते बाद आना’ या ‘अगले महीने आना’ जैसे जवाब दिए जाते हैं। स्वामी प्रसाद चौबे ने आरोप लगाया कि अधिकारी उनके आवेदनों को ढूंढने में महीनों और सालों लगा देते हैं, और अंत में कह देते हैं कि दस्तावेज नहीं मिले, जबकि उनके पास सभी संबंधित कागजात मौजूद हैं। उन्होंने जनसुनवाई को केवल एक औपचारिकता बताया, जहां वास्तविक समस्याओं का समाधान नहीं होता। गौरतलब है कि छतरपुर में मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें डिप्टी कलेक्टर विशा माधवानी, तहसीलदार और अन्य जिला अधिकारी मौजूद रहे। वहीं जिले के सभी अनुभागों के एसडीएम और तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। जनसुनवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर ने अधिकारियों को लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। 130 शिकायतें हुईं दर्ज जनसुनवाई में कुल 130 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें शिक्षा, राजस्व, पुलिस, नगरीय निकाय, ग्रामीण विकास, बिजली, स्वास्थ्य, खाद्य, आदिम जाति, श्रम, सामाजिक न्याय और महिला एवं बाल विकास से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं। डिप्टी कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आवेदन सौंपते हुए जल्द से जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए और कहा कि आमजन की समस्याओं को गंभीरता से हल किया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *