मनिका | स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनिका एवं स्वास्थ्य उप केंद्र सधवाडीह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिव्य क्षितिज कुजूर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन ने औषधि भंडार पंजी, प्रयोगशाला, बाह्य रोगी विभाग, मरीज कक्ष और प्रसव कक्ष की सघन जांच की। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्टॉक पंजी को अद्यतन रखने का निर्देश दिया। मौके पर सिविल सर्जन ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देना हमारी प्राथमिकता है। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


