भास्कर न्यूज | अमृतसर डीएवी इंटरनैशनल स्कूल, अमृतसर को पंजाब स्टेट कौंसिल फार साईंस एंड टैक्नोलोजी की ओर से ग्रीन स्कूल निरीक्षण में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। स्कूल की प्रिंसीपल डॉ. अंजना गुप्ता ने बताया कि डिप्टी कमिश्नर के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा गठित टीमों ने जिले के विभिन्न स्कूलों का गहन निरीक्षण किया। जिसके अधीन विद्यालय परिसर के वातावरण, हवा की गुणवत्ता, मिट्टी की स्थिति, जल संरक्षण, ऊर्जा उपयोग और कचरा प्रबंधन जैसे महत्त्वपूर्ण बिंदुओं का सूक्षम अध्ययन किया और फिर राष्ट्रीय स्तर के मानकों पर इनका मूल्यांकन किया। हर्ष की बात यह है कि डीएवी इंटरनैशनल स्कूल ने इन सभी मानकों में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम द्वारा स्कूल में अपनाई गई हरित गतिविधियों, स्वच्छता व्यवस्था, विद्यार्थियों की सक्रिय भूमिका एवं विद्यालय प्रबंधन समूह की सराहना की गई । प्रिंसीपल डॉ. अंजना गुप्ता ने बताया कि स्कूल में प्राकृतिक संसाधनों वायु, जल, भूमि एवं ऊर्जा के संरक्षण एवं सदुपयोग के लिए विशेष प्रयास किए जाते हैं। स्कूल में सोलर पैनल लगाए गए हैं जिससे सौर ऊर्जा का लाभ तो लिया ही जाता है इससे विद्युत की भी बचत होती है। स्कूल प्रांगण में पेड़-पौधों की भरमार है जिससे हर जगह हरियाली और शुद्ध हवा है। पर्यावरण का संरक्षण समय की आवश्यकता है और इसके लिए निरंतर प्रयास हम सब का परम कर्त्तव्य है। डीएवी प्रबन्धकीय समिति नई दिल्ली के प्रधान डॉ. पूनम सूरी पद्मश्री अलंकृत, वीके. चोपड़ा निदेशक पब्लिक स्कूलज़ डीएवी कॉलेज प्रबंधक समिति, नई दिल्ली एवं प्रबंधक डॉ. राजेश कुमार ने स्कूल को इस विशिष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी।


