भास्कर संवाददाता | गुना लीनेस क्लब गुना सिटी द्वारा वर्ष 2025 का सत्र सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्नेहपूर्ण थैंक्स पार्टी का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पूरे सत्र में क्लब गतिविधियों को सफल बनाने वाले सदस्यों, सहयोगियों और मार्गदर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करना रहा। आयोजन में आत्मीयता, सौहार्द और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष सीमा पलिया, सचिव ज्योति मित्तल एवं कोषाध्यक्ष ममता अग्रवाल ने पूरे सत्र में सहयोग देने वाले सभी लीनेस सदस्यों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में लायंस क्लब के भाइयों का भी विशेष योगदान रहा, उनके सहयोग के लिए उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी लीनेस क्लब सदस्यों को थैंक्स गिफ्ट प्रदान कर मालाओं से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मल्टीपल प्रेसिडेंट अंजना सिंघल एवं मल्टीपल सचिव पूजा जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ गई। मंच संचालन अमन ज्योत द्वारा अत्यंत सुंदर, प्रभावशाली एवं आत्मीय ढंग से किया गया। मनोरंजन के अंतर्गत रोचक हाउजी और विभिन्न गेम्स का आयोजन किया गया, जिसमें सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अध्यक्ष सीमा पलिया ने बताया कि सत्र 2025 में सीमा श्रीमाल, अमन ज्योत छाबड़ा, नेहा अग्रवाल, मैरिज एनिवर्सरी कोऑर्डिनेटर वंदना अग्रवाल तथा विशेष आयोजनों में निरुपमा दुसाज का योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा। अध्यक्ष ने कहा कि सभी सदस्यों, लायंस भाइयों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों के सहयोग से ही सत्र को सफल बनाया जा सका। सचिव ज्योति मित्तल व कोषाध्यक्ष ममता अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया।


