सतना जिले के जैतवारा में ‘फर्जी फूड इंस्पेक्टर’ बनकर अवैध वसूली करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी स्कॉर्पियो कार (MP 35 CA 4816) से होटलों और ढाबों पर चेकिंग के नाम पर रौब झाड़ रहे थे। जब व्यापारियों को उनकी हरकतों पर शक हुआ, तो उन्होंने घेराबंदी कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर गाड़ी जब्त कर ली है। बिरसिंहपुर के रहने वाले हैं आरोपी घटना मंगलवार शाम की है। पुलिस ने बिरसिंहपुर निवासी अंचल मिश्रा, रामभाई अग्निहोत्री और संदीप शुक्ला को गिरफ्तार किया है। ये तीनों जैतवारा बाजार पहुंचे और होटलों में कार्रवाई का डर दिखाकर पैसों की मांग करने लगे। कुछ जगहों से इन्होंने पैसे ऐंठ भी लिए थे। गाड़ी में मिलीं सैंपलिंग डिब्बियां और रसीदें पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों का खाद्य विभाग से कोई लेना-देना नहीं है। उनकी गाड़ी की तलाशी लेने पर पुलिस को कुछ रसीदें और फूड सैंपलिंग में इस्तेमाल होने वाली छोटी डिब्बियां मिली हैं। इनका इस्तेमाल वे दुकानदारों को डराने और ब्लैकमेल करने के लिए करते थे। पुलिस ने होटल संचालक की शिकायत पर अवैध वसूली और रंगदारी का मामला दर्ज किया है।


